नोटबंदी के फायदे

मित्रों मुबारक हो नोटबंदी का एक साल पूरा हो गया।
कुछ लोग इस महान कदम का विरोध कर रहे हैं कि ऐसा क्यों किया ,
मोदी जी के भक्त और सत्ताधारी दल के समर्थक इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर नोटबंदी के फ़ायदे गिनाने की कोशिश में पसीना बहा रहे हैं, हालांकि उन्हें आजतक ठीक-ठीक पता नहीं चला कि नोटबंदी से देश को क्या फ़ायदे हुए हैं।

लेकिन मेरा माननायह है कि मोदी जी ने कुछ तो ऐसा किया है जो क्रांतिकारी ही किया होगा।
विपक्ष नोटबंदी को भ्रष्टाचार का भाजपाई कवच और संगठित कानूनी लूट बता रहा है। इस समूची क़वायद के पीछे का सच वस्तुतः क्या है, यह किसी को मालुम नहीं। मोदी सरकार का यह क़दम दरअसल कुछ हज़ार करोड़ का कालाधन बाहर निकालने के लिए नहीं था। उसे पता था कि इससे जितना कुछ हासिल होगा, उससे कई गुना यह देश व्यापार, लघु उद्योग, कृषि और रोज़गार की क्षति के रूप में गवां चुका होगा।

पहला फायदा

गुप्त रहस्य का पता चला

बात दरअसल कुछ और थी जिसे बेहिसाब आलोचना झेलने के बावज़ूद राष्ट्रहित में सरकार ने देश से आजतक छुपाए रखा है।नोटबंदी वस्तुतः एक ऐसे रहस्य की तह तक पहुंचने की विराट कोशिश थी जिसे कांग्रेस की देशद्रोही सरकार ने अपने साठ सालों के शासन में देश से छुपा कर रखा था। नोटबंदी की कोशिश में भले सौ से ज्यादा लोगों को अपनी बलि देनी पड़ी और करोड़ों लोगों ने अंतहीन तकलीफें उठाईं, लेकिन इसके माध्यम से मोदी सरकार ने वह छुपा हुआ रहस्य आख़िरकार खोज निकाला।आज देश तो क्या, पूरी दुनिया को यह पता चल चुका है कि कांग्रेस के लम्बे शासनकाल में सोनम गुप्ता नाम की कोई एक लड़की हुआ करती थी जो कांग्रेस की भ्रष्ट और देशविरोधी नीतियों के कारण बेवफ़ा हो गई थी ! कांग्रेस के राज में घटित यह मानव इतिहास की अबतक की सबसे बड़ी बेवफाई थी। ऐसी बेवफ़ाई जिसके किस्से दस रुपए से लेकर दो हज़ार रुपयों के नोट तक पर दर्ज हो गए। आने वाला समय देशहित में हुए इस बड़े खुलासे को मोदी सरकार की महानतम उपलब्धि के तौर पर याद करेगा।
मोदी सर, जेटली सर और रिज़र्व बैंक को नोटबंदी की पहली सालगिरह मुबारक़ ! वैसे काम अभी अधूरा है। न तो सोनम गुप्ता की अभी पहचान हुई है और न उसे सलाखों के पीछे भेजा जा सका है। सरकार से आग्रह है कि सोनम गुप्ता तक पहुंचने के लिए वह देश में अभी से कैशलेस लेनदेन की व्यवस्था को कानूनी तौर पर अनिवार्य कर दे! कांग्रेस के ज़माने की सोनम जब डिजिटल इंडिया से अनभिज्ञ करोड़ों दूसरे भारतीयों की तरह नगद लेनदेन करने घर से बाहर निकलेगी तो उसे पकड़ कर सलाखों के पीछे भेजना बहुत आसान हो जाएगा।

दूसरा फायदा

इतिहास से रूबरू करवाया

ये हुआ कि मेरी तरह बहुत से भाई बहन इतिहास में बड़ी रूचि रखते हैं और किसी भी तरह रूबरू होना चाहते हैं ,
माननीय मोदी जी ने हमें इतिहास से रूबरू कराया ।
मैंने बचपन में मुहम्मद बिन तुगलक के बारे में पढ़ा था जिसने धातु के सिक्कों की जगह चमड़े के सिक्के चलाये थे ।
उसके इस मूर्खतापूर्ण साहसिक कदम का किस्सा पढ़ कर मेरा मन बड़ा रोमांचित हुआ ,
उसके जीवन के बारे में जानने की और अभिलाषा मन में हुई मगर कुछ ज्यादा न जान सका मगर अब इस नोटबंदी के इस महान फैसले  से मुझे समझ आया को मुहम्मद बिन तुगलक ने किन हालातों में वो फैसला लिया होगा,
जरूर उसके चारों और अनपढ़ चटुकारों की मंडली बैठी रहती होगी ।
मुहम्मद बिन तुगलक ही अकेला दोषी नहीं रहा होगा ये भी ज्ञात हुआ और गद्दार कांग्रेस ऐसा महान ज्ञान कभी प्राप्त नहीं होने देती ।

तीसरा फायदा

मेरे मन में मेरे बुजुर्गों के लिए सम्मान आया

जैसा आप जानते हैं कि आज का दौर विज्ञापनवादी दौर है  ,और बचपन से ही मैं जिस चीज का विज्ञापन देखता उसे लेने के लिये मचल जाता, मेरे दादा जी और अन्य आस पड़ोस के बुजुर्ग समझाते कि बेटा जिस चीज का विज्ञापन अच्छा हो जरूरी नहीं कि वो उतनी ही अच्छी हो मगर मैं उनकी बातों को नकार देता और कहता आप कुछ नही जानते आप जिस दौर के हो वो दौर गया ।
लेकिन अब जब विज्ञापन वालों की ही सरकार बन गई तो ये भी पता चल गया कि हर अच्छे विज्ञापन वाली चीज अच्छी नहीं होती ।

खैर फायदे तो काफी हैं जिन्हें गिनाया नहीं जा सकता
इसी के साथ मैं अब्बू जाट अपनी लेखनी को विराम देता हूँ ।

विशेष -पहला और सबसे बड़ा फायदा वाला अंश पूर्व आईपीएस श्री ध्रुव गुप्त जी की कलम से लिया है और आलेख भी उन्हीं की प्रेरणा से लिखा है

टिप्पणियाँ

लोकप्रिय पोस्ट